संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। डिग्री कॉलेज ददाहू में गैर शिक्षकों (नॉन टीचिंग) कर्मचारियों के सभी पद रिक्त होने के कारण कॉलेज की व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। यहां कॉलेज का कामकाज बुरी तरह से प्रभावित है। गैरी शिक्षकों के पद रिक्त होने के कारण कॉलेज की व्यवस्थाएं इन दिनों चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के कंधों पर है। कॉलेज में गैर शिक्षक कर्मचारियों के चार में से तीन पद रिक्त पड़े हुए हैं।
डिग्री कॉलेज ददाहू में गैर शिक्षक कर्मचारियों के चार पद सृजित हैं, जिनमें अधीक्षक इन दिनों अवकाश पर हैं। इसके अलावा वरिष्ठ सहायक के पद को आज तक भरा ही नहीं गया है, जबकि लिपिक के दोनों पद मई 2025 से खाली चल रहे हैं। उनके स्थानांतरण के बाद दूसरे लिपिक को यहां भेजा ही नहीं गया। हालांकि कॉलेज में इन दिनों अवकाश है लेकिन उसके बावजूद भी कॉलेज का तमाम कामकाज प्रभावित हो रहा है। वर्तमान में कॉलेज में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही कार्य कर रहे हैं।
डिग्री कॉलेज ददाहू के प्राचार्य डॉ. पवन कुमार ने बताया कि गैर शिक्षकों के पदों की कमी को लेकर कॉलेज की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। पदों को भरे जाने के लिए निदेशालय को लिखा गया है। उच्चतर शिक्षा निदेशक अमर जीत शर्मा ने बताया कि कॉलेज का कामकाज प्रभावित न हो इस बात को ध्यान में रखते हुए प्रतिनियुक्ति पर स्टाफ को ददाहू भेजा जाएगा।
संवाद