-सरकार की नई गाइडलाइन के बाद जिला प्रशासन सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने में जुटा
-सीसीटीवी, दानपात्र प्रबंधन और चढ़ावे की निगरानी के लिए तय होंगे नए मानक
संजय गुप्ता
कालाअंब। प्रदेश सरकार की ओर से मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) जारी किए जाने के बाद प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में भी नई एसओपी तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला प्रशासन आगामी सप्ताह तक नई व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटा है।
इसका उद्देश्य मंदिर में चढ़ाए जाने वाले दान, आभूषण और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना है। जानकारी के अनुसार, नई एसओपी के तहत मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा, सीसीटीवी निगरानी को और मजबूत करना, दानपात्रों की सुरक्षित निगरानी, चढ़ावे के संग्रह और लेखा-जोखा की मानक प्रक्रिया, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने जैसे प्रावधान शामिल किए जाएंगे।
हालांकि, त्रिलोकपुर मंदिर में पहले से ही व्यापक सुरक्षा इंतजाम हैं। मंदिर परिसर में 18 दानपात्र स्थापित हैं, जिनकी प्रत्येक माह चार बार तहसीलदार नाहन की निगरानी में गणना की जाती है। गणना स्थल पर चार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि पूरे मंदिर परिसर में करीब 200 सीसीटीवी कैमरे स्थापित हैं। मंदिर न्यास कार्यालय में बने नियंत्रण कक्ष से पूरे परिसर की निगरानी की जाती है। सुरक्षा के लिए 17 होमगार्ड जवान भी तैनात हैं और श्रद्धालुओं के लिए अधिकृत दानपात्र में ही दान जमा करने सहित अन्य दिशा-निर्देश पहले से लागू हैं।
मंदिर न्यास के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि त्रिलोकपुर मंदिर के सुरक्षा मानकों को और प्रभावी बनाने के लिए नई एसओपी तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी सप्ताह तक एसओपी के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देकर लागू करने की दिशा में कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। संवाद
त्रिलोकपुर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे। संवाद