संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मिश्रवाला में नव विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन को लेकर बुधवार को आम सभा का आयोजन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से दाऊद अली को स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी ) मिश्रवाला का अध्यक्ष चुना गया। इसके बाद 16 सदस्यों वाली विद्यालय प्रबंधन समिति का पूर्ण रूप से इसी बैठक में गठन किया गया जिसमें सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की गई।
बता दें कि इससे पूर्व 4 जुलाई को भी इस संबंध में एक बैठक हो चुकी है लेकिन कोरम पूरा न होने के कारण पुनः इस सभा का आयोजन किया गया। सभा के संबोधन में विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्य शिवानी बहुगुणा ने सभासदों को अवगत करवाया कि आज की इस सभा का मुख्य उद्देश्य नई विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन करना है। उन्होंने सभा में उपस्थित सदस्यों से आह्वान किया कि आपस में विचार-विमर्श करके नई कार्यकारिणी का गठन करें, जो विद्यालय के सर्वांगीण विकास में योगदान दे, विद्यालय के कार्यों में सहयोग करें। सभा में उपस्थित सदस्यों ने विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से दाऊद अली को नई विद्यालय प्रबंधन समिति राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मिश्रवाला का अध्यक्ष चुना।
बैठक में स्थानीय पंचायत प्रधान रसीला बेगम, पूर्व एसएमसी अध्यक्ष रमजान अली, ग्राम पंचायत मेलियों के प्रधान रफीक, पूर्व प्रधान शुक्करदीन, उपप्रधान अख्तर अली, फरीज मोहम्मद, अभिभावकों में से गीता देवी, वीणा देवी, कमलेश, ताहिरा, सायरा बानो, गुलजार, रिजवाना, शौकत अली आदि तथा विद्यालय के अध्यापकों ने भाग लिया।