लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर सराहां में जिला स्तरीय पदयात्रा निकालते नेता
लौह पुरुष की 150वीं जयंती पर जिला स्तरीय पदयात्रा का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/सराहां(सिरमौर)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से सराहां में जिला स्तरीय पदयात्रा आयोजित की गई। पदयात्रा कुश्ती ग्राउंड से बीडीओ कार्यालय तक निकाली गई। इसमें छात्र-छात्राओं, संस्थाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान सरदार पटेल अमर रहे और भारत माता की जय के जयकारों से माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम में माय भारत अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने स्वागत संबोधन दिया। मंच संचालन जिला नोडल अधिकारी एनएसएस डॉ. पंकज चांडक ने किया। उन्होंने सरदार पटेल के किसान आंदोलन, स्वतंत्रता संग्राम, रियासतों के विलय और प्रथम गृह मंत्री के रूप में योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सांसद सुरेश कश्यप मुख्यातिथि रहे। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने दृढ़ संकल्प और नेतृत्व क्षमता से देश की एकता और अखंडता को सुरक्षित किया। इस अवसर पर पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, पांवटा के विधायक और पदयात्रा के समन्वयक सुखराम चौधरी, सामाजिक कार्यकर्ता बलदेव भंडारी, बीडीसी चेयरमैन सुरेंद्र नेहरू और राजकीय महाविद्यालय सराहां के प्राचार्य डॉ. गुलशन कुमार धीमान भी उपस्थित रहे।
एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर दिनेश अपने स्वयंसेवकों के साथ आयोजन में सक्रिय रूप से शामिल रहे और पदयात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।