स्वास्थ्य उपकेंद्र धान क्यारी में सांप निकलने से मचा हड़कंप
दो घंटे मची अफरा तफरी, ग्रामीण दंपत्ती ने मौके पर पहुंच बाहर निकाला सांप
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शहर से पांच किलोमीटर दूर सुनसान बने स्वास्थ्य उपकेंद्र धान क्यारी में छह फीट लंबा सांप घुस आया। इससे दो घंटे तक अफरा तफरी का माहौल मचा रहा।
यहां इकलौती सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी ही ड्यूटी पर मौजूद थी। मोबाइल सिग्नल न होने के कारण सहायता के लिए लोग बुलाने में भी घंटाभर लग गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीण दंपत्ती ने बड़ी मुश्किल से सांप को ढूंढा और बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे उप-स्वास्थ्य केंद्र धान क्यारी में कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कौशल्या खुशी कार्यालय के भीतर मोबाइल सिग्नल न होने के कारण रिपोर्ट भरने के लिए बाहर परिसर में आई।
रिपोर्ट भरने के बाद जैसे ही कमरे में गई, उसे अपनी कुर्सी से लिपटा एक सांप नजर आया। इससे उसके हाथ पैर फूल गए और बाहर की ओर भागी। यहां मोबाइल सिग्नल न होने के कारण आशा कार्यकर्ता से संपर्क साधने में एक घंटा लग गया।
फोन मिलने के बाद आशा कार्यकर्ता ने ग्रामीणों को सहायता के लिए केंद्र में भेजा।
मौके पर पहुंचे सुनील भटनागर और उनकी पत्नी अंजना भटनागर ने सांप को ढूंढने की कोशिश की। काफी देर बाद भी सांप नहीं मिला। उन्होंने यहां सांप होने की बात को नकारा लेकिन कौशल्या के सांप की मौजूदगी की बात पर अड़ी रही। इसके बाद फिर सांप की तलाश शुरू हुई।
जैसे ही अलमीरा को सरकाया वहां छह फीट लंबा सांप नजर आया। इसके बाद सुनील भटनागर ने सांप को डंडे की सहायता से परिसर से बाहर निकाला। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। कौशल्या खुशी ने बताया कि यहां पहले भी दो बार सांप निकल चुका है।
संवाद