सिरमौर क्रिकेट संघ की वरिष्ठ टी-20 टीम।
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश सीनियर इंटर डिस्ट्रिक्ट टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता 2022-23 में सिरमौर टीम इतिहास रचने से एक कदम दूर खड़ी है। सिरमौर ने पूर्व विजेता रहे ऊना को चार विकेट से रौंद कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सिरमौर की तरफ से प्रारंभिक बल्लेबाज वैभव शर्मा की ताबड़तोड़ 114 रनों की शतकीय पारी से टीम फाइनल में पहुंची गई है। शुक्रवार को फाइनल में मंडी की टीम के साथ खिताबी भिड़ंत होगी।
सिरमौर क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष अतर सिंह नेगी और महासचिव राजेंद्र सिंह बब्बी ने बताया कि सिरमौर टीम बेहतर प्रदर्शन कर रही है। पहली बार टीम खिताब जीतने के बेहद करीब है। शानदार प्रदर्शन से सिरमौर टीम के विजयी होकर लौटने की पूरी उम्मीद है। वीरवार को सीनियर इंटर डिस्ट्रिक्ट टी-20 के सेमीफाइनल में सिरमौर ने मजबूती के साथ ऊना की टीम को चार विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। ऊना की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 185 का विशाल स्कोर बनाया था। सिरमौर की तरफ से सुकेश ने तीन व रोहित कोलिश ने एक विकेट लिया।
जबाव में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिरमौर टीम ने 19.2 ओवरों मे ही छह विकेट गंवा कर जीत दर्ज की है। सिरमौर की तरफ से प्रारंभिक बल्लेबाज वैभव शर्मा ने मात्र 65 गेंदों में 8 छक्के व 9 चौके लगाकर 114 रनों की पारी खेली। प्रशांत तोमर ने नाबाद 27, अंकुश धारीवाल ने 23 और रोहित कोलिश ने 20 रन की पारी खेली।