कुल्लू में आयोजित प्रतियोगिता में हासिल की यह उपलब्धि
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान कुल्लू में 12 से 14 फरवरी तक आयोजित राज्य फूड महोत्सव में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोगटाली ने द्वितीय स्थान हासिल किया। भोजन बनाने की प्रतियोगिता में सिरमौर के छह विद्यार्थियों मोनिका, महक, अनामिखा, अंकिता, दीक्षित और आकाश ने भाग लिया। इस दल का नेतृत्व समन्वयक मोनिका वालिया और राजनीतिक विज्ञान के प्रवक्ता रामानंद सागर ने किया।
छोगटाली के कार्यकारी प्रधानाचार्या सुरेंद्र पुंडीर ने बताया कि स्पर्धा में विद्यार्थियों ने सिरमौर के परंपरागत व्यंजन जैसे असकली, धरोटी, पुड़े, सिड्डू आदि तैयार किए और राज्य में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के लिए स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान अंजना ठाकुर, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देशराज ठाकुर, वरिष्ठ प्रवक्ता भूपेंद्र चौहान, राजू राम शर्मा, सुरेश कुमार, अलका भलेईक, एकता धीमान, रामलाल सूर्या, दलीप शर्मा, रामलाल ठाकुर, ललिता कुमारी, प्राची पंवार, रोबिन सिंह, सुभाष चंद और कौशल्या ने छात्रों की प्रशंसा की। भोजन प्रभारी राजू राम शर्मा ने बताया कि विद्यार्थी विद्यालय में भी विभिन्न अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं।