sirmaur news no more booster dose stock of corona vaccination in sirmaur district
- फोटो : REUTERS
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाया जा रहा बूस्टर डोज अभियान सिरमौर जिले में दम तोड़ता नजर आ रहा है। जिले के एक-दो स्वास्थ्य खंडों को छोड़कर अन्य सभी खंडों में बूस्टर डोज का स्टॉक खत्म हो गया है।
हालांकि, जिला टीकाकरण अधिकारी स्वास्थ्य खंडों की ओर से कोविशील्ड के लिए मांग भेजने पर सप्लाई देने की बात कह रहे हैं लेकिन बीते एक सप्ताह से धगेड़ा, पच्छाद, संगड़ाह सहित अन्य स्वास्थ्य खंडों में बूस्टर डोज नहीं लग पाई है। कुछ स्वास्थ्य खंडों में बनाए गए टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन लगाई जा रही है लेकिन उनकी संख्या काफी कम है।
बुधवार को सिरमौर जिले में बूस्टर डोज लगाने के आंकड़ों को देखा जाए तो चार बजे तक केवल 21 लोगों को ही वैक्सीन लगाई गई है। यह वैक्सीन केवल सात टीकाकरण केंद्रों पर लगाई गई। जबकि पहले विभाग की ओर से रोजाना 35 से 45 टीकाकरण केंद्रों पर बूस्टर डोज लगाई जा रही थी। इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि विभाग के पास कोविशील्ड की स्टॉक या तो खत्म है या फिर कुछ केंद्रों के पास शेष बचा है।
उधर, विभागीय अधिकारियों की ओर से यह दलील भी दी जा रही है कि बूस्टर डोज लगाने के लिए लोग आगे नहीं आ रहे हैं। गौरतलब है कि सिरमौर जिले में 30 सितंबर तक 3,89,000 बूस्टर डोज लगाने का लक्ष्य रखा गया है। 15 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान में अभी तक करीब 1,33,820 बूस्टर डोज ही लग पाई हैं। जबकि निर्धारित लक्ष्य के लिए कुछ ही दिन शेष बचे हैं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद सांगल ने बताया कि जिले में बूस्टर डोज अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं पर बूस्टर डोज का स्टॉक खत्म हो गया तो संबंधित स्वास्थ्य खंड से मांग आने पर कोविशील्ड मंगवाकर आपूर्ति की जाएगी।