सराहां (सिरमौर)। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सराहां मॉडल कॉलेज में छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल रही है। विधानसभा की 34 पंचायतों को लाभान्वित करने वाले इस कॉलेज में बड़ी संख्या उन विद्यार्थियों की है जो ग्रामीण इलाके से आकर यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। यहां शिक्षकों की कमी के कारण कई विषयों की पढ़ाई निपटाने वाले ढर्रे तक ही सीमित रह गई है। इससे छात्रों के साथ-साथ अभिभावकों में भी सरकार और विभाग के प्रति रोष पनपा हुआ है।
बता दें कि इस कॉलेज में 353 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। यहां अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषय के दोनों पद रिक्त चल रहे हैं। इसके अलावा इतिहास और संगीत प्राध्यापक का पद भी रिक्त पड़ा हुआ है। ऐसे में एक ओर विद्यार्थी जहां अंग्रेजी और इतिहास की पढ़ाई से वंचित हैं, वहीं संगीत विषय ले चुके विद्यार्थियों के हाथ भी निराशा ही लग रही है।
एसएमसी उपप्रधान राजेश ठाकुर, राजकुमार शर्मा, रमेश कुमार, प्रेमपाल आदि ने बताया कि यदि यहां रिक्त पड़े पद नहीं भरे गए तो वह अपने बच्चों का यहां से पलायन भी करवा सकते हैं।
....
विद्यार्थी बोले, शिक्षक न होने से पढ़ाई हो रही प्रभावित
1. छात्रा शिवानी ने कहा कि प्राध्यापकों की कमी के कारण पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है। सरकार तुरंत रिक्त पड़े पदों को भरे।
2. छात्र आशुतोष शर्मा ने कहा कि हैरानी की बात है कि यहां अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषय की पढ़ाई भी नसीब नहीं हो रही है। संगीत पढ़ने के इच्छुक विद्यार्थी भी निराश हैं।
3.एबीवीपी इकाई अध्यक्ष आकाश गौतम ने कहा कि रिक्त पड़े पदों को यदि जल्द नहीं भरा गया तो कॉलेज के सभी विद्यार्थी सड़कों पर उतरने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
.....
रिक्त पदों की सूचना उच्च शिक्षा विभाग को भेजी
कॉलेज के प्राचार्य हेमंत कुमार ने कहा कि यहां अंग्रेजी विषय के दो, इतिहास व संगीत विषय के प्राध्यापकों के पद रिक्त हैं। इसकी सूचना उच्च शिक्षा विभाग को भेज दी गई है।