पांवटा साहिब में एडीजे कोर्ट खोलने पर बार एसोसिएशन के धन्यवाद कार्यक्रम में मौजूद ऊर्जा मंत्री ?
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय (एडीजे कोर्ट) खोलने की मंजूरी के बाद शुक्रवार को बार एसोसिएशन ने धन्यवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि एडीजे कोर्ट से पांवटा व शिलाई क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगी। इसकी जल्द ही अधिसूचना जारी होगी। प्रदेश सरकार हर वर्ग और क्षेत्र के लिए बेहतर कार्य कर रही हैं।
बार संघ की मांग पर ऊर्जा मंत्री ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को बार कार्यालय परिसर में टाइल लगाने व भूमिगत जल निकासी नाली बनाने का प्राक्कलन शीघ्र ही तैयार करने को कहा। बार एसोसिएशन पांवटा साहिब अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, ओम प्रकाश चौहान ने कहा कि मांग पूरी होने पर अब पांवटा व शिलाई क्षेत्र की आम जनता को सुविधा मिलेगी।
पांवटा साहिब बार एसोसिएशन के सभी अधिवक्ता अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय की पांवटा साहिब में स्थायी स्थापना की मांग पूरी होने पर खुश हैं। बार एसोसिएशन पांवटा साहिब के वरिष्ठ अधिवक्ता ओपी चौहान ने कहा कि इस मांग के पूरा होने पर पांवटा में अतिरिक्त एवं सत्र न्यायालय की स्थायी स्थापना से पांवटा व शिलाई के लोगों को नाहन के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इससे समय व पैसों की बचत होगी। इस दौरान एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार का आभार जताया।
बता दें कि बार संघ पांवटा ने पहले 26 जुलाई को एक दिवसीय धरना किया था। इसके बाद विगत माह आठ से 20 अगस्त पांवटा बार संघ ने एडीजे की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया था।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, राहुल चौधरी, पांवटा बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता टीएस शाह, ओपी चौहान, एनएल परवाल, डीसी खंडूजा, एके सरीन, आत्माराम शर्मा, हरप्रीत शाह, रघुवीर कपूर, राजेंद्र सिंह और ज्ञान सिंह समेत अधिवक्ता मौजूद रहे।
..