रेणुकाजी में शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंचे शिलाई कॉलेज की एनएसएस इकाई के स्वयंसेवी। स्रोत : कॉलेज
-शिलाई कॉलेज के सात दिवसीय शिविर के छठे दिन किया शैक्षणिक भ्रमण
-झील, मंदिर और वन्यजीव अभयारण्य का किया दौरा, पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई/ददाहू (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय शिलाई की एनएसएस इकाइयों एक और दो के स्वयंसेवियों ने सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन सोमवार को रेणुकाजी का शैक्षणिक भ्रमण किया। कार्यवाहक प्राचार्य गोपाल भारद्वाज के मार्गदर्शन और कार्यक्रम अधिकारी यशपाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित भ्रमण के दौरान स्वयंसेवियों ने क्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत के बारे में जानकारी हासिल की।
‘मिशन रेणुका : एक्सप्लोर, लर्न एंड कंजर्व’ के तहत स्वयंसेवियों ने रेणुकाजी झील, मंदिर और वन्यजीव अभयारण्य का भ्रमण किया। उन्होंने झील में नौकायन का आनंद भी लिया। इस दौरान जैव विविधता, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी पर चर्चा की गई।
भ्रमण के दौरान ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत पर विशेष व्याख्यान भी हुआ। इसके अलावा युवा नेतृत्व, सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका पर विचार साझा किए गए। दिन के अंतिम सत्र में स्वयंसेवियों ने शिविर के दौरान मिले अनुभवों पर चर्चा की।