संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन के खिलाड़ियों ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तारुवाला पांवटा साहिब में आयोजित जिला स्तरीय मेजर खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं नाहन शहर का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में शमशेर स्कूल नाहन हैंडबॉल में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी टीमों को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। विद्यालय के इतिहास में यह पहली बार है जब नाहन स्कूल ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हैंडबॉल की ट्रॉफी जीती है। इसके अतिरिक्त टेबल टेनिस में प्रथम स्थान और फुटबॉल में तृतीय स्थान प्राप्त कर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
विद्यालय की प्रधानाचार्य कुसुम लता कौशल ने खिलाड़ियों की तैयारियों एवं प्रतियोगिता की जिम्मेदारी विद्यालय के शारीरिक शिक्षक अजय शर्मा जी को सौंपी थी, जिसे उन्होंने पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निभाते हुए खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के अंतिम चरण तक मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस शानदार उपलब्धि पर प्रधानाचार्य ने शारीरिक शिक्षक अजय शर्मा, प्रवक्ता शारीरिक शिक्षा विवेक पाल और शारीरिक शिक्षिका गीता शर्मा को हार्दिक बधाई दी है।-