-वरिष्ठ नागरिक परिषद पांवटा साहिब की मासिक बैठक आयोजित, शहर की समस्याओं पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद पांवटा साहिब की बैठक परिषद कार्यालय में आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने की।
राजेंद्र शर्मा ने बताया कि पांवटा साहिब शहर की सड़कों पर जलभराव की समस्या रहती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस ओर ध्यान दे ताकि बरसात में लोगों को जलभराव की समस्या से न जूझना पड़े। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे पर फुटपाथ पर अतिक्रमण किया हुआ है। इस कारण लोगों को पैदल चलना मुश्किल हो जाता है।
साथ ही कहा कि बस स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए पहले पूछताछ केंद्र और समय सारिणी बोर्ड लगा होता था, जिसे हटा दिया गया है। इससे आम जनता को असुविधा हो रही है। एचआरटीसी या प्रशासन से बस स्टैंड पर समय सारिणी और पूछताछ केंद्र की सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की गई है। पांवटा साहिब शहर में चौराहों पर बसें रोकने से ट्रैफिक समस्या उत्पन्न होती है। इसके समाधान के लिए चौराहों से 50 मीटर की दूरी पर बस स्टॉप बनाने का प्रावधान करवाने की मांग की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए चेयरमैन, नगर परिषद और एसडीएम, पांवटा साहिब के साथ एक औपचारिक बैठक की व्यवस्था की जाएगी।
इस मौके पर कुलवंत सिंह चौधरी, टीएस गुप्ता, एनडी सरीन, अर्जुन देव खुराना, डॉ. परवेश सबलोक, एसके विश्नोई, गुरदयाल सैनी, राज कुमार अरोड़ा, कैप्टन जगत सिंह, जीडी शर्मा, नानक सिंह, गुरमीत सिंह, विजय गोयल, हरीश जस्सल, आरके जैन, जसबीर साहनी, जय चंद, वीक गुप्ता, केशव शर्मा, इंदरजीत कौर आदि मौजूद थे।