-सांसद सुरेश कश्यप ने नाहन में दिशा की बैठक में दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सांसद सुरेश कश्यप ने बुधवार को उपायुक्त कार्यालय में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
सांसद ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारी गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण करने और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। सभी स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए कहा गया।
बैठक में बताया गया कि जिला सिरमौर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)- III के घटक- II के अंतर्गत 8 सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। पीएमजीएसवाई- IV के घटक- I के अंतर्गत 11 नई सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 3,159 लाभार्थियों को 6,83,26,200 रुपये की सहायता दी गई है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 1,283 लाभार्थियों को लगभग 2.47 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है।
जिला सिरमौर में विद्युत बोर्ड ने अब तक 1,95,225 स्मार्ट मीटर स्थापित किए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जननी सुरक्षा योजना के तहत अक्तूबर 2025 से मार्च 2026 तक 919 महिलाओं को लाभ मिला। अप्रैल 2025 से सितंबर 2025 तक 2,767 और अक्तूबर 2025 से 31 मार्च 2026 तक 2,977 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए। संसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत जिले में कुल 318 कार्यों की अनुशंसा की गई है, जिनमें से 281 स्वीकृत और 106 पूर्ण हो चुके हैं। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशालाओं के 54,294 विद्यार्थियों को पोषणयुक्त भोजन मिल रहा है।
सांसद सुरेश कश्यप ने सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी की। इस अवसर पर विधायक सुखराम चौधरी, विधायक रीना कश्यप और जिला परिषद अध्यक्षा शिवानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।