बारिश होने से लोगों को गर्मी से मिली राहत, फसलें को मिली संजीवनी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में लंबे इंतजार के बाद हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। बारिश से न केवल मौसम सुहावना हुआ है, बल्कि भीषण गर्मी के कारण खेतों में मुरझा रही फसलों के लिए भी संजीवनी मिली है। पर्याप्त नमी मिलने के बाद स्थानीय किसानों के चेहरों पर रौनक लौट आई है और उन्होंने मक्की की बिजाई को लेकर खेतों में तैयारियां तेज कर दी हैं।
हालांकि, एक तरफ जहां इस बारिश ने आम जनता और किसानों को सुकून दिया है, वहीं दूसरी तरफ बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान भी पहुंचाया है। भारी बारिश के चलते जिले में लोक निर्माण विभाग को खासी चपत लगी है। लोक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 9 मुख्य सड़कों को बारिश से नुकसान पहुंचा हैं। सबसे भीषण असर संगड़ाह डिवीजन में देखने को मिला है, जहां विभाग की 6 प्रमुख सड़कों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा नाहन डिवीजन में भी तेज बहाव और भूस्खलन के कारण 3 मुख्य सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इन सड़कों के टूटने और बहने से सार्वजनिक संपत्ति का लगभग 3.45 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
नाहन-श्री रेणुका जी मुख्य मार्ग पर एक विशालकाय पेड़ गिर गया, जिसके चलते सड़क पर वाहनों की आवाजाही काफी देर तक पूरी तरह ठप रही। गनीमत यह रही कि पेड़ गिरते समय वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान एहतियात बरतने और संवेदनशील रास्तों पर यात्रा करते समय सतर्क रहने की अपील की है।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविंद शर्मा ने बताया कि बारिश से 3.45 लाख का नुकसान हुआ है।