घिन्नीघाड़ क्षेत्र के लोगों ने उपायुक्त से लगाई सड़क बहाल करवाने की गुहार
बरसात से बंद सड़क के चलते 6 पंचायतों के लोग बुरी तरह प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सराहां-चड़ीगढ़ वाया जामन की सेर, काटली, सुरला जनोट, ढंग्यार, टिकरी कुठार सड़क एक महीने से बंद है। इसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर दुर्गम क्षेत्र की पंचायत टिकरी कुठार के लोगों को स्वास्थ्य व अन्य सुविधाओं के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।
समस्या को लेकर घिन्नीघाड़ क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों का प्रतिनिधिमंडल वीरवार को उपायुक्त प्रियंका वर्मा से मिला और समस्या से अवगत करवाया। ग्रामीणों ने बताया कि सराहां-चंडीगढ़ वाया जामन की सैर, ढंग्यार, ठिकरी कुठार सड़क 30 और 31 अगस्त को भारी बरसात के चलते बंद हो गई थी जो एक महीने बीतने के बाद भी वाहनों की आवाजाही के लिए नहीं खुल पाई है। इसके चलते घिन्नीघाड़ क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों के लोगों को समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। किसानों की अधिकतर फसलें पहले ही बरसात की भेंट चढ़ चुकी हैं, जो कुछ बची हैं वह सड़क बंद होने से खेतों में खराब हो रही हैं। उन्होंने बताया कि इस बारे में एसडीएम पच्छाद को भी अवगत करवाया गया, लेकिन अभी तक समस्या जस की तस है। 24 सितंबर को ग्राम पंचायत टिकरी कुठार की ग्राम सभा में प्रधान यादराम शर्मा की अध्यक्षता में सड़क को खोलने के लिए उपायुक्त को आग्रह पत्र लिखा गया। ग्रामीणों ने उपायुक्त से जल्द सड़क बहाल करवाने के सकारात्मक कदम उठाने का आग्रह किया गया है।
बाक्स-
सिरमौर में 5 सड़कें बंद
जिला सिरमौर में बारिश और भूस्खलन से अभी भी 5 सड़कें बंद हैं। इनमें लोक निर्माण विभाग के सराहां, संगड़ाह और पांवटा साहिब मंडल की 1-1 और शिलाई की दो सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा जलशक्ति विभाग के नाहन मंडल की एक पेयजल योजनाएं भी ठप पड़ी है। लोक निार्मण विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि बंद सड़कों को बहाल करवाया जा रहा है।