नाहन शहर की खस्ताहालत सड़कों को लेकर नगर परिषद अध्यक्षा व अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते रोड सेफ्ट?
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। नगर परिषद नाहन जन सुविधाओं को लेकर कितना गंभीर है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नगर परिषद के पदाधिकारियों के घरों को जोड़ने वाली सड़कों की हालत तक सही नहीं है। शहर में कालीस्थान जोहड़ से नया बाजार के लिए बनी सड़क की हालत किसी से छिपी नहीं है। जगह-जगह टारिंग उखड़ गई है लेकिन, नगर परिषद कोई सुध नहीं ले रहा। इसी सड़क के रास्ते में नगर परिषद अध्यक्ष का निवास भी है।
सोमवार को सड़क सुरक्षा क्लब ने शहर की सड़कों को सुधारने के लिए नगर परिषद को ज्ञापन सौंपा है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अजमेर ठाकुर, कनिष्ठ अभियंता परवेज इकबाल की मौजूदगी में क्लब ने नगर परिषद की अध्यक्ष रेखा तोमर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सड़क सुरक्षा क्लब ने शहर की खस्ताहाल सड़कों का मामला उठाया। सड़क सुरक्षा क्लब के अध्यक्ष विशाल तोमर ने बताया कि कई सड़कें ऐसी हैं जो नगर परिषद के तहत आती हैं लेकिन, उनकी दशा को सुधारा नहीं जा रहा। इन सड़कों की मरम्मत कर उन्हें नया रूप देने की जरूरत है। खस्ताहाल सड़कों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। कई बार यहां छुटपुट दुर्घटनाएं भी हुई हैं। उन्होंने कहा कि कालीस्थान जोहड़ से नया बाजार, एसपी कार्यालय से नया बाजार, एचडीसी बैंक से आरपी गेट तक की सड़क खस्ता हालत में है। प्रतिनिधिमंडल में क्लब की ओर से धीरज गर्ग, अजय भाटिया, असलम खान, देवीदत्त, अनु शर्मा, कृष्णा शर्मा, डॉ. सबलोक, पूजा तोमर, शुभम सैनी, अशोक विक्रम, सूरज सैनी, संजय पुंडीर, दीपक बंसल आदि शामिल रहे। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अजमेर ठाकुर ने बताया कि सड़क सुरक्षा क्लब की ओर से उठाए गए मसलों को प्राथमिकता से हल किया जाएगा। जो सड़कें क्लब ने चिन्हित की है, उनके अगले महीने टेंडर लगवाए जाएंगे।