दक्षांस मेडिकल स्टोर के संचालक ने अस्पताल को भेंट की दवाइयों की एक पेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
संगड़ाह (सिरमौर)। संगड़ाह के आदर्श चिकित्सालय में अब मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध होगी। शुक्रवार को रेणुका के विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में आयोजित रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की बैठक में भाग लिया और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
विधायक विनय कुमार ने कहा कि अल्ट्रासाउंड मशीन शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को घर-द्वार के नजदीक जांच की सुविधा मिलेगी। इससे मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने संगड़ाह अस्पताल में बिस्तरों की क्षमता छह से बढ़ाकर 30 करने का प्रावधान किया है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
बाक्स
जल्द दूर होगी विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्टाफ की कमी
विधायक ने कहा कि संगड़ाह अस्पताल में जल्द ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा हरिपुरधार और नौहराधार के स्वास्थ्य संस्थानों में भी चिकित्सकों और अन्य स्टाफ की कमी दूर करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि लोगों को उपचार के लिए दूर न जाना पड़े।
बाक्स
आरकेएस की बैठक में आय-व्यय का ब्योरा पेश
रोगी कल्याण समिति की बैठक में खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनील कक्कड़ ने गत वर्ष समिति के तहत हुए आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में चालू वित्त वर्ष के दौरान आरकेएस के तहत रखे गए सफाई कर्मचारी के वेतन में वृद्धि, अस्पताल के लिए आवश्यक सामग्री की खरीद और अन्य विषयों पर चर्चा की गई।
इस दौरान दक्षांस मेडिकल स्टोर के संचालक उजागर सिंह ने अस्पताल को दवाइयों की एक पेटी दान स्वरूप भेंट की। बैठक में उपमंडलाधिकारी सुनील कायथ, डॉ. विक्रांत कौशल, डॉ. अमित गोयल, डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. तमन्ना, चीफ फार्मासिस्ट हितेंद्र तोमर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता खजाना सिंह, जल शक्ति विभाग के एसडीओ अनिल चौहान सहित अस्पताल का मेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।
-संवाद