संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कल्याण मंच की जिला सिरमौर इकाई की मासिक बैठक नाहन बस अड्डा स्थित विश्राम गृह में हुई। बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष मोहन सिंह ठाकुर ने की, जबकि संचालन महासचिव हरशरण शर्मा ने किया।
बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर प्रदेश सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन के खिलाफ रोष व्यक्त किया। कर्मचारियों ने कहा कि पेंशन का समय पर भुगतान न किया जाना उनके साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेंशन का भुगतान महीने में दो अलग-अलग तारीखों पर किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पेंशनरों ने करीब साढ़े तीन वर्षों से लंबित मेडिकल बिलों का भुगतान न होने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को चिकित्सा संबंधी खर्चों के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। बैठक में जनवरी 2016 से पहले और बाद में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर मिलने वाले लाभों के एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा चालकों और परिचालकों की वेतन विसंगतियां दूर कर नए वेतनमान के अनुसार लाभ देने की भी मांग की गई।
वक्ताओं ने 1 जनवरी 2006 और 1 जनवरी 2016 से लंबित वेतन विसंगतियों को दूर करने, सभी प्रकार के एरियर का एकमुश्त भुगतान करने तथा उच्च न्यायालय द्वारा कर्मचारियों के पक्ष में दिए गए आदेशों को पूरी तरह लागू करने की मांग की। इस अवसर पर अमन कुमार, सुरेश कुमार, बीएस भटारा, असरफ अली, उपप्रधान गुमान सिंह, गोरखूराम और रामनाथ सैनी ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज करने के लिए आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।