रेणुकाजी में तीर्थ ध्वज का विधिवत पूजन करते विधायक विनय कुमार। संवाद
-विधायक विनय कुमार ने पूजा-अर्चना के साथ किया अनावरण
-जीर्णोद्धार के बाद मंदिर परिसर के बीचोंबीच स्थापित किया गया ध्वज
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। रेणुकाजी के मंदिर परिसर में 41 फीट ऊंचे तीर्थ ध्वज की स्थापना की गई। रेणुका विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार ने मंगलवार को विधिवत एवं पूजा-अर्चना के साथ तीर्थ ध्वज को मंदिर परिसर में स्थापित करके इसका अनावरण भी किया।
यह तीर्थ ध्वज अब दूर से ही मंदिर परिसर की शोभा को बढ़ाएगा और रेणुकाजी में आने वाले श्रद्धालुओं को दूर से ध्वज दिखते ही उन्हें मंदिर परिसर का आभास होगा। मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार के दौरान इस तीर्थ ध्वज का स्थल परिवर्तित करके इस मंदिर परिसर के बीचों-बीच स्थापित किया गया है जिससे कि श्रद्धालु मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ-साथ तीर्थ ध्वज के महत्व को भी समझ सके।
विनय कुमार ने कहा कि इस ध्वज के मंदिर परिसर में स्थापित होने से तीर्थ की शोभा और सुंदरता बढ़ेगी और यह ध्वज श्रद्धालुओं व यात्रियों के आकर्षण का केंद्र भी बनेगा। इस मौके पर बोर्ड के सदस्य सचिव एवं एसडीएम नहान राजीव संख्यान, बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भारत सिंह ठाकुर पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी मित्र सिंह तोमर, त्रिलोकपुर मंदिर के कनिष्ठ अभियंता विजय सिंह ठाकुर, बोर्ड के सदस्य इंद्रप्रकाश गोयल और पुजारी देवा रमेश कपिल सहित बोर्ड के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।-