नाहन विकास खंड के गौंत में आयोजित शिविर में मौजूद किसान। संवाद
-गौंत गांव में खेत बचाओ अभियान के तहत जागरूकता शिविर आयोजित
-रासायनिक खादों और कीटनाशकों का कम प्रयोग करने के लिए किया प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के तहत विकास खंड नाहन के गौंत गांव में खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत किसान जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने, एग्रीस्टैक में पंजीकरण करवाने और खेती में रासायनिक पदार्थों का सीमित प्रयोग करने के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में खंड तकनीकी प्रबंधक सुरेश कुमार ने किसानों को एग्रीस्टैक योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एग्रीस्टैक में किसानों का पंजीकरण करवाना जरूरी है, ताकि उन्हें कृषि से जुड़ी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने किसानों से अपनी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करवाने का आग्रह किया।
सुरेश कुमार ने कहा कि किसान खेती में रासायनिक खादों, कीटनाशकों और खरपतवार नाशकों का कम से कम प्रयोग करें। उन्होंने प्राकृतिक खेती की विधियों को अपनाने और मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग प्राकृतिक खेती से तैयार उत्पादों को भी बढ़ावा दे रहा है। इसके तहत प्राकृतिक विधि से तैयार दलिया, मक्की और गेहूं का आटा लोगों को उपलब्ध करवाया जा रहा है। शिविर में किसानों को विभाग की विभिन्न योजनाओं और उनके लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।-