पायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। पीड़ित मानवता की सेवा के लिए रेडक्रॉस सोसायटी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है। इसके लिए समाज के सभी नागरिकों को स्वेच्छा से आगे आकर पैट्रन, वाइस पैट्रन तथा आजीवन सदस्य बनकर अंशदान करना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों की आर्थिक रूप से मदद की जा सके। यह उद्गार उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने उपायुक्त कार्यालय सभागार में जिला रेडक्रॉस सोसायटी की वार्षिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से एकत्रित धन से जरूरतमंद तथा गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों के सदस्यों की बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे सोसायटी के सदस्य बनकर इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए जिला रेडक्रॉस सोसायटी के वार्षिक वित्तीय विवरण, विश्व रेडक्रॉस दिवस पर जिले में रेडक्रॉस मेले के आयोजन, रेडक्रॉस भवनों के किराये से संबंधित विषयों तथा रेडक्रॉस सोसायटी की आय में बढ़ोतरी से संबंधित मुद्दों पर चर्चा कर सहमति बनाई गई। जिला रेडक्रॉस समिति द्वारा गैर सरकारी सदस्यों की नई कार्यकारी समिति तथा प्रबंध समिति का गठन भी किया गया। कार्यकारी समिति में मनीष जैन, संजय गोयल, अशोक सिकंद और अल्का को शामिल किया गया। प्रबंध समिति में राजेंद्र कुमार, असलम खान, पंकज अग्रवाल, भरत भूषण मोहिल, नवनीत गुप्ता व डॉ. सबलोक को नामित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा तथा विभागों के अधिकारी एवं गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।