संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। विद्युत बोर्ड ने उच्च न्यायालय के आदेशों पर नवंबर माह में राजगढ़ में जिन 35 बिजली के कनेक्शनों को काटा था, उन सभी को 72 घंटों में बहाल करने के आदेश उच्च न्यायालय ने ही कर दिए। इसकी अनुपालना करते हुए विद्युत बोर्ड ने कटे हुए 35 बिजली के मीटर शुक्रवार को पुन: लगा दिए हैं।
विद्युत बोर्ड ने 20 नवंबर को उच्च न्यायालय के आदेशों पर राजगढ़ में लोक निर्माण विभाग की भूमि पर अवैध बने तीन भवनों से 35 बिजली के कनेक्शन काट दिए थे। इसे चुनौती देने की अपील राजेश कुमार और अन्य लोगों ने उच्च न्यायालय में दी। न्यायालय ने 16 दिसंबर को इसपर फैसला देते हुए विद्युत बोर्ड को 72 घंटों में बहाल करने निर्देश दिए।
अदालत ने स्पष्ट किया कि इन लोगों के अवैध कब्जे का मामला पुनरीक्षण प्राधिकारी एवं सचिव लोक निर्माण विभाग के पास लंबित है। इसलिए उसके अंतिम आदेश आने तक यह राहत उच्च न्यायालय ने दी है।
इस बारे में विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता अंकित वर्मा से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेशों पर ही 35 बिजली मीटर के कनेक्शन काटे गए थे। इन्हें अब उच्च न्यायालय के हालिया आदेशों पर पुन: लगा दिया गया।
-संवाद