ददाहू (सिरमौर)। पवित्र श्रावण मास के उपलक्ष्य में ददाहू में भक्ति का अनूठा रंग देखने को मिला। गीता भवन ददाहू में होने जा रही संगीतमय रामकथा के शुभारंभ पर वीरवार को निकाली कलश शोभायात्रा में मातृशक्ति की विशेष भागीदारी रही। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सिर पर मंगल कलश उठाकर शोभायात्रा में भाग लिया।
कलश यात्रा शिव मंदिर ददाहू से शुरू हुई। सिर पर पवित्र कलश लिए महिलाओं के राम-नाम के भजन गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जब शोभायात्रा मुख्य बाजार, बस स्टैंड और अपर बाजार से होकर गुजरी, तो बैंड-बाजे की धुन और महिलाओं के मंगल गीतों से ददाहू भक्ति रस में सराबोर हो उठा। भजनों पर झूमती और गातीं महिलाओं का उत्साह शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहा। शोभायात्रा के पुनः शिव मंदिर पहुंचने पर मंत्रोच्चार के बीच श्रीरामचरितमानस के पावन ग्रंथ की विधिवत स्थापना पंडाल में की गई।
हरियाणा के जगाधरी से आए कथा व्यास पंडित राजन शांडिल्य 22 जुलाई तक श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा का भावपूर्ण वर्णन सुनाएंगे। कथा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं सहित क्षेत्र के श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।