राजगढ़ कॉलेज में निर्वाचन साक्षरता क्लब ने आयोजित किया कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के निर्वाचन साक्षरता क्लब की ओर से मतदाता सूची में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीकरण और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने की प्रक्रिया और लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन साक्षरता क्लब के कैंपस एंबेसडर एवं कला स्नातक तृतीय वर्ष के विद्यार्थी रचित चौहान ने पीपीटी के माध्यम से मतदाता सूची में ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। वहीं, क्लब की कैंपस एंबेसडर एवं कला स्नातक तृतीय वर्ष की छात्रा सैजल भगनाल ने लोकतांत्रिक अधिकारों पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने लोकतंत्र में नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।
अंत में क्लब की नोडल अधिकारी प्रो. अमिता मेहता ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए मतदान के महत्व, जिम्मेदार मतदाता की भूमिका और चुनावी प्रक्रिया में भागीदारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।