नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में हुई मूसलाधार बारिश ने सिरमौर में जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। शनिवार सुबह जिला सिरमौर के विभिन्न इलाकों में जमकर बारिश हुई। बारिश से कई जगह कुछ घंटे यातायात बाधित रहा। कई मुख्य मार्गों में मलबा आने से चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर घंटों तक संपर्क मार्ग अवरुद्ध रहे।
हालांकि, पीडब्ल्यूडी विभाग ने जेसीबी मशीन और कर्मचारियों के सहारे सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए तो खोल दिया, लेकिन अभी भी सड़क पर मलबे के ढेर लगे हैं।
बाक्स
पानी से लबालब भरी सड़कें
जिला सिरमौर के निचले क्षेत्रों में कई सड़क मार्ग पानी से लबालब भर गए। इससे खासतौर पर दो पहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना पड़ा। वहीं राहगीरों को भी खासी परेशानियां झेलनी पड़ी। नाहन-रेणुका मार्ग पर झमीरिया के समीप, नाहन-कालाअंब, पांवटा साहिब व सतौन क्षेत्र की कई सड़कों पर मलबायुक्त पानी भरने से लोगों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ीं।
--
लोगों के घरों में घुसा पानी
नाहन शहर के बड़ा चौक, शिमला रोड व रामकुंडी आदि हिस्सों में लोगों के घरों में बारिश का पानी घुस गया। लोगों को पानी बाहर निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
--
इन सड़कों पर गिरा मलबा
जिला के सैनवाला-कौलांवालाभूड़, शिमला-नाहन, नाहन-रेणुका, ददाहू-बेचड़बाग, ददाहू-हरिपुरधार, नाहन-पांवटा एनएच, ददाहू-धौलाकुआं, पांवटा-ददाहू वाया सतौन के अलावा सराहां व शिलाई क्षेत्र की विभिन्न सड़कों पर मलबा गिरने से दिक्कतें हुई है। जगह-जगह ल्हासे गिरने, सड़क धंसने और सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर आने से यातायात बाधित हुआ। हालांकि लोनिवि ने अपनी मशीनरियों से सड़कों को तुरंत बहाल कर दिया।
--
ददाहू-पांवटा वाया सतौन मार्ग में फंसी निजी बसें
धौलाकुआं (सिरमौर)। ददाहू-सतौन सड़क मार्ग पर जगह-जगह मलबा भरने के करण मार्ग बंद हो गया। मार्ग पर यात्रियों से भरी बसें बीच में ही फंसी रहीं। शनिवार सुबह निजी बसें टिक्कर खाले के समीप फंसी रही। सिरमौर बस यूनियन के प्रधान मामराज व सचिव अखिल शर्मा ने बताया कि यह रूट बरसात के मौसम में दो से तीन महीने तक बंद रहता है। इस रूट पर बरसात के मौसम में परेशानी को देखते हुए एचआरटीसी ने काफी साल पहले इस रूट पर बस सेवा बंद कर दी। इसके बाद निजी बसें ही इस रूट पर चलती हैं, मगर सड़क की दयनीय दशा व बरसात में अकसर मार्ग बंद होने के कारण निजी बस मालिकों के लिए यह मार्ग घाटे का सौदा साबित हो रहा है।
उन्होंने विभाग व सरकार से मांग की कि इस मार्ग की दशा जल्द से जल्द सुधारी जाए ताकि बरसात में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।