राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ क्षेत्र में भारी बारिश के चलते कई इलाकों में हुए नुकसान का विधायक रीना कश्यप ने लिया जायजा लिया। विधायक रीना कश्यप ने कहाकि एक और जहां वैश्विक महामारी से पूरा देश संकट में है। वहीं, आजकल जगह-जगह हो रही भारी बारिश से हर तरफ नुकसान हो रहा है। गत दिनों में राजगढ़ क्षेत्र के भनोग में बादल फटने की घटना सामने आई थी।
बीते दिन वीरवार को राजगढ़ के ही दो क्षेत्र नेहरबाग और टिक्कर रोड में बादल फटने की घटनाएं सामने आई। गनीमत रही कि इस घटना से जानी नुकसान नहीं हुआ। क्षेत्र में कई जगह किसानों के खेत एवं फसलें तबाह हो गई हैं और वहीं टिक्कर सड़क पर बादल फटने से मलबा लोगों के मकानों में घुस गया है जिससे मकानों को खतरा हो गया है।
विधायक रीना कश्यप ने क्षेत्र में भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेकर स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि अधिकारी तुरंत मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लें और लोगों से मिलकर शीघ्र समस्या का समाधान करें और फौरी राशि तुरंत जारी करें। इसके अलावा क्षेत्र में जो भी सड़कें भारी बारिश से बंद और प्रभावित हुई हैं उन्हें दुरुस्त करने के आदेश लोक निर्माण विभाग को दिए हैं ताकि लोगों को समस्या न आए।
विधायक रीना कश्यप ने कहा कि वह पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में हुए नुकसान को प्रदेश सरकार के समक्ष रखेगी और प्रभावित लोगों और किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा मिले इसके लिए मुख्यमंत्री से मिलेंगी।
.............