पांवटा साहिब साध संगत सेवा समिति ने गोद लिया है ये गांव
दूसरे चरण में प्रभावित गांवों को खाद और बीज भेजा जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। आपदा प्रभावित पंजाब राज्य के लिए राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य चल रहा है। पांवटा साहिब साध संगत सेवा समिति ने आपदा प्रभावित कुरालिया गांव को गोद लिया है। प्रथम चरण में तीन वाहनों में जरूरत का सामान इस गांव तक पहुंचाया गया। अब दूसरे चरण में गोद लिए गांव तक खाद एवं बीज पहुंचाया जाना है।
पांवटा साहिब साध संगत सेवा समिति के प्रधान हरभजन सिंह ने बताया कि समिति का गठन किया गया है। समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने पहले गोद लिए गांव में पहुंच कर प्राथमिकता वाली सामग्री की सूची तैयार की थी। प्रभावित गांव के ग्रामीणों से विचार मंथन किया गया। इसके बाद स्थानीय टीम में शामिल गुरविंद्र सिंह गोपी, हरप्रीत सिंह खालसा, हरजीत सिंह फौजी, नुसरत अली और मंगल सिंह ने राहत सामग्री गोद लिए गए इस प्रभावित गांव तक पहुंचाई है।
तीन वाहनों में भरी गई सामग्री में बैड, कंबल, बिस्तर-चदरें, कपड़े और दवाइयां शामिल रहीं। पांवटा साहिब से जरूरी सामग्री को वाहनों में आपदा प्रभावित परिवारों तक पहुंचाने के साथ ग्रामीणों से बातचीत की गई। चर्चा के बाद दूसरे चरण में अब समिति सदस्यों की टीम खाद और बीज इस गांव तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
बता दें कि पांवटा साहिब की आपदा प्रभावित पंजाब के गोद लिए गांव को सहायता राशि और सामग्री एकत्रित करने को सभी धर्म समुदायों की एक समिति गठित की गई है। जो गोद लिए गांव के लोगोें से मिल कर चर्चा के बाद उस सामग्री को गांव के लोगों तक पहुंचा रही है। समिति के अध्यक्ष ने सहयोग कर रहे हर शख्स और समुदाय के लोगों का आभार जताया है।
संवाद
...