आठ नए कमरों से बढ़ी ठहरने की सुविधा
1.08 करोड़ की लागत से तैयार हुए कमरे
जगत तोमर
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह की दूसरी मंजिल का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है और अब यह उद्घाटन की प्रतीक्षा में है। दूसरी मंजिल के बनकर तैयार होने से शिलाई में बाहर से आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ आम लोगों को रात्रि विश्राम की बड़ी सुविधा मिलने जा रही है।
अब तक शिलाई में बाहर से आने वाले लोगों को ठहरने के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। शिलाई विश्राम गृह में पहले कुल छह कमरे उपलब्ध थे। इनमें दो वीआईपी तथा चार साधारण कमरे शामिल थे। सीमित कमरों के कारण आम लोगों को अकसर रात्रि विश्राम के लिए कठिनाई होती थी।
स्थानीय लोगों की ओर से पूर्व में शिलाई में वन विभाग के विश्राम गृह के निर्माण की भी मांग की गई थी, लेकिन यह मामला खटाई में पड़ गया। ऐसे में लोक निर्माण विभाग की ओर से विश्राम गृह की दूसरी मंजिल का निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया है।
दूसरी मंजिल के निर्माण से न केवल विश्राम गृह की सुंदरता में वृद्धि हुई है, बल्कि ठहरने की व्यवस्था भी सुदृढ़ हो गई है। नई मंजिल में कुल 8 अतिरिक्त कमरों का निर्माण किया गया है। ऐसे में अब विश्राम गृह में कुल कमरों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
इस संबंध में शिलाई लोक निर्माण विभाग उपमंडल के सहायक अभियंता गुलाब सिंह पुंडीर ने बताया कि विश्राम गृह की ऊपरी मंजिल के निर्माण पर 1.8 करोड़ रुपये की लागत आई है। उन्होंने कहा कि इस विस्तार से शिलाई आने वाले लोगों को अब रात्रि ठहराव की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
संवाद