-दूसरे दिन युवा संसद, कॅरिअर गाइडेंस और डिजिटल बैंकिंग पर विशेषज्ञों ने किए संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। मेरा युवा भारत जिला सिरमौर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय आवासीय लीडरशिप बूटकैंप के दूसरे दिन युवाओं को नेतृत्व कौशल, कॅरिअर मार्गदर्शन और वित्तीय साक्षरता का प्रशिक्षण दिया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 35 प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण सत्रों और गतिविधियों में भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ युवा आइकॉन शिवम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने युवा संसद की महत्ता बताते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों, प्रभावी नेतृत्व, संवाद कौशल और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवाओं की नेतृत्व क्षमता को निखारना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
प्रो. विनोद ने कॅरिअर रेडीनेस एवं कॅरिअर गाइडेंस विषय पर युवाओं को रोजगार, उच्च शिक्षा, कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। वहीं यूको बैंक की सहायक प्रबंधक सुखप्रीत कौर ने बैंकिंग जागरूकता एवं वित्तीय साक्षरता पर आयोजित सत्र में डिजिटल बैंकिंग, केवाईसी, साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
दिनभर चले प्रशिक्षण में प्रतिभागियों ने नेतृत्व विकास, प्रभावी संचार, टीम निर्माण और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। समूह चर्चाओं और टीम-बिल्डिंग अभ्यासों के माध्यम से युवाओं ने सहयोग, अनुशासन, निर्णय क्षमता और नेतृत्व के व्यावहारिक पहलुओं को समझा।
जिला युवा अधिकारी अमृषा शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों को समाज और राष्ट्र निर्माण में उपयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय सहायक रीता देवी ने किया।-