संवाद न्यूज एजेंसी
संगड़ाह/हरिपुरधार (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय हरिपुरधार में बीए प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायी ओरिएंटेशन एवं इंडक्शन सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, सुविधाओं तथा विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराते हुए उनके आत्मविश्वास का विकास करना था। इसका शुभारंभ डॉ. पूर्वशी ने किया।
इसके बाद डॉ. राजिंद्र तोमर ने महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों का परिचय विद्यार्थियों से करवाया। उन्होंने विभिन्न विभागों, पुस्तकालय, एनएसएस, रोवर्स एंड रेंजर्स, रेड रिबन क्लब, ईको क्लब, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा अन्य छात्र कल्याणकारी समितियों एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एवी निधि ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित उपस्थिति, समयपालन, नैतिक मूल्यों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया और उन्हें महाविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं एवं शैक्षणिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।