सिरमौर जिले के दुर्गम क्षेत्रों में लोगों को मिलेगी एक्स-रे की सुविधा
स्वास्थ्य विभाग पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्सरे-मशीन से शुरू करेगा कार्य
जिले में 100 दिन के टीबी स्क्रीनिंग अभियान को भी मिलेगी गति
सीएसआर योजना के अंतर्गत विभाग को मिल रही एक्स-रे मशीन
चंद्र ठाकुर
नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर के दुर्गम क्षेत्रों में लोगों को पोर्टेबल हैंड हेल्ड मशीन से एक्स-रे की सुविधा मिलेगी। टीबी संभावित और संक्रमण को लेकर प्राथमिक चरण में लोगों को अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं होगी। विभाग के कर्मचारी इलाके में आकर ही एक्स-रे जांच करेंगे। रिपोर्ट में रोग की पुष्टि होने के बाद ही अस्पताल भेजा जाएगा।
दरअसल, निगमिक सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत सनफार्मा औद्योगिक इकाई के माध्यम से विभाग को करीब 30 लाख की पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन दी जा रही। मशीन को इसी सप्ताह शुरू किया जा सकता है। मशीन की सहायता से विभाग जिले में टीबी रोगियों की पहचान करेगा। इस मशीन के आने से जहां समय की बचत होगी, वहीं मरीजों को भी आसानी से इलाज उपलब्ध होगा। खास बात यह है कि इसे किसी भी वाहन में डालकर कहीं भी ले जाया जा सकता है।
बता दें कि जिले में टीबी की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग कवायद में जुटा है। लोगों की स्क्रीनिंग और एक्स-रे किए जा रहे हैं। अस्पतालों में एक्स-रे मशीनों की कमी के चलते स्क्रीनिंग कार्य प्रभावित हो रहा है। सीएसआर योजना के तहत मिल रही इस मशीन से टीबी मुक्त भारत को लेकर 100 दिन के स्क्रीनिंग अभियान को और गति मिलेगी। वहीं जिन अस्पतालों में एक्स-रे सुविधा नहीं हैं, वहां शिविर के माध्यम से सुविधा प्रदान की जाएगी।
नई एक्स-रे मशीन को लैपटॉप के साथ जोड़ा जाएगा। इसमें कैमरा भी लगा होगा। कैमरे की मदद से ही फेफड़ों का एक्स-रे किया जाएगा। इसके तुरंत बाद ही रिपोर्ट मिल जाएगी। रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि संबंधित मरीज टीबी का संदिग्ध केस है या नहीं। इसके बाद ही उस मरीज को अस्पताल ले जाकर आगे की जांच प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग इस मशीन का उपयोग फिलहाल उन क्षेत्रों में करेगा जहां मरीजों की संख्या ज्यादा है या फिर अस्पतालों में एक्स-रे सुविधा नहीं है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो मशीन के जरिए लोगों की आसानी से स्क्रीनिंग कर सही समय पर उपचार कर सकते हैं। इस मशीन से रेडिएशन का भी कोई भी खतरा नहीं है।
विभाग को सीएसआर के अंतर्गत एक सनफार्मा औद्योगिक इकाई की ओर से पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन मिल रही है। इसे जल्द शुरू किया जाएगा। मशीन मिलते ही जिले के दुर्गम और ज्यादा संख्या वाले क्षेत्रों में इसका प्रयोग किया जाएगा। टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने में यह मशीन कारगर सिद्ध होगी।
-डॉ. अजय पाठक, मुख्य चिकित्सा अधिकरी, जिला सिरमौर।