सिरमौर हिमाचल प्रदेश के संगड़ाह में नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्षा का नागरिक अभिनंदन करते लोग?
- फोटो : NAHAN
ददाहू (सिरमौर)। कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले रेणुका विस क्षेत्र में भाजपा ने पहली बार अपना जिला परिषद अध्यक्ष बनाकर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। सीमा कन्याल भाजपा खेमे से पहली बार जिला परिषद की अध्यक्ष चुनी गईं हैं। जबकि रेणुका क्षेत्र को चौथी बार जिला परिषद का अध्यक्ष पद मिला है। इससे पहले तीन अध्यक्ष कांग्रेस खेमे के ही रहे थे। कांग्रेस खेमे के जिप अध्यक्षों में स्वर्गीय सन्नू राम, राजेंद्र ठाकुर और मंजू शर्मा के नाम शामिल हैं। जबकि चौथी अध्यक्ष सीमा कन्याल एकमात्र भाजपा खेमे से हैं।
दिलचस्प यह है कि चार जिला परिषद अध्यक्षों में से तीन अध्यक्ष गिरिपार क्षेत्र से संबंध रखते हैं। जबकि, कांग्रेस समर्थित मंजू शर्मा ही अकेले सैनधार की रहने वाली हैं। गिरिपार क्षेत्र रेणुका के कांग्रेसी विधायक विनय कुमार का अपना गृह क्षेत्र भी है। गिरिपार क्षेत्र से ही भाजपा ने संगड़ाह वार्ड की उम्मीदवार को जिला परिषद का अध्यक्ष बनाकर रेणुका में अपनी पहली और जबरदस्त एंट्री की है। ऐसे में एक तीर से दो निशाने साधने की भी कोशिश भी की गई है।
आगामी दो वर्ष बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा रेणुका से विधायक की सीट को भी कब्जाने के प्रयास में है जिस कारण भाजपा से रूठ चुके और बागी होकर दूसरी पार्टियों का दामन थाम चुके नेताओं ने भी जिला परिषद की सीट को जितवाने में एकजुटता के साथ अपना पूरा पसीना बहाया है।
इनमें पूर्व विधायक रूप सिंह और अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नारायण सिंह की सक्रियता भी काफी मायने रखती है। जिला परिषद के अध्यक्ष पद के बाद भाजपा का ध्यान अब विधायक की सीट जीतने पर केंद्रित है। इसको लेकर भाजपा अभी से ही सक्रिय हो गई है।
उधर, रेणुका के विधायक विनय कुमार ने बताया कि जिला परिषद का अध्यक्ष निश्चित तौर पर कांग्रेस का ही बनना तय था लेकिन भाजपा अपनी खरीद-फरोख्त और जोड़तोड़ की घटिया राजनीति से बाज नहीं आई। वहीं, कांग्रेस की एक उम्मीदवार ने भी भाजपा को अपना समर्थन देकर वायदा खिलाफी की है लेकिन रेणुका विस क्षेत्र में आज भी कांग्रेस का ही वर्चस्व है।
.......................