घरों से निकलने वाले कचरे को एकत्रित कर लगाया जाएगा ठिकाने
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब और आसपास की आधा दर्जन से अधिक पंचायतों में प्लास्टिक कचरा अपशिष्ट प्रबंधन के तहत साफ-सुथरा प्लास्टिक एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस मुहिम के अंतर्गत त्रिलोकपुर, पालियों, बर्मा पापड़ी, सैनवाला-आमवाला, सलानी-कटोला, देवनी और बिक्रमबाग पंचायतों को भी प्लास्टिक कचरा एकत्र करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
आमतौर पर लोग घरेलू सामान के साथ आने वाले पॉलीथिन लिफाफों में कचरा भरकर खुले में फेंक देते हैं, जिससे पर्यावरण को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। इसी समस्या के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर प्लास्टिक कचरे को इधर-उधर न फेंकने को लेकर प्लास्टिक एकत्र करने की मुहिम चलाई जा रही है। प्रशासन की ओर से पंचायत पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि घरों से निकलने वाले प्लास्टिक कचरे को एक निर्धारित स्थान पर एकत्र किया जाए।
तय समय पर प्रत्येक पंचायत से यह कचरा कचरा वाहन के माध्यम से कालाअंब स्थित प्लास्टिक कचरा अपशिष्ट प्रबंधन इकाई में पहुंचाया जाएगा, जहां इसका वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन किया जाएगा। नाहन विकासखंड की आधा दर्जन ग्राम पंचायतों में घरों से निकलने वाले प्लास्टिक कचरे के उचित निपटान के उद्देश्य से यह मुहिम चलाई जा रही है।
विकास खंड अधिकारी नाहन अंजलि गर्ग ने बताया कि सभी पंचायत पदाधिकारियों को प्लास्टिक कचरा एकत्र कर कालाअंब स्थित प्रबंधन इकाई को भेजने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें और प्लास्टिक कचरे को खुले में फेंकने के बजाय अपने नजदीकी पंचायत घर में जमा करें, ताकि उसका सही तरीके से निष्पादन किया जा सके।