-जुलाई-अगस्त में सार्वजनिक स्थलों, वन क्षेत्रों और निजी भूमि पर लगाए जाएंगे पौधे
-वन विभाग ने लोगों से की पौधरोपण और पौधों की देखभाल की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरुवाला (सिरमौर)। मानसून की दस्तक के साथ वन विभाग ने जिले में हरियाली बढ़ाने के लिए व्यापक पौधारोपण अभियान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। वन मंडल पांवटा साहिब की 1.25 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित दुधला मॉडल नर्सरी में हजारों पौधे तैयार किए गए हैं। इन पौधों का जुलाई और अगस्त माह के दौरान सार्वजनिक स्थलों, वन क्षेत्रों तथा निजी भूमि पर बड़े स्तर पर रोपण किया जाएगा।
वन थाना पुरुवाला के समीप स्थित दुधला मॉडल नर्सरी में छायादार, फलदार, फूलदार और औषधीय प्रजातियों के पौधे तैयार किए गए हैं। इनमें नीम, पीपल, शीशम, आम, जामुन, सानन, चकेरा, बांस, तुन, आंवला, बैर, इमली, कनकचंपा, दरेक, पापड़ी, अर्जुन, शहतूत, बेहड़ा, बान, फेगुडा, कुशांब, रीठा, हरड़, बेलपत्र, अमलतास और गुलमोहर सहित अनेक उपयोगी प्रजातियां शामिल हैं।
वन विभाग इन पौधों को आम लोगों के लिए भी किफायती दरों पर उपलब्ध करा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने घरों, खेतों और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभा सकें। विभाग ने लोगों से मानसून के अनुकूल मौसम का लाभ उठाकर पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की भी अपील की है।
वन परिक्षेत्र भगानी के अधिकारी सुमंत कुमार और दुधला मॉडल नर्सरी के प्रभारी वन रक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि मानसून के दौरान पौधों का वितरण और रोपण अभियान बड़े पैमाने पर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति यदि कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य भी आसानी से हासिल किया जा सकता है।