शून्य से डेढ़ वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को लगाए जीवनरक्षक टीके
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज के मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में बुधवार को नियमित टीकाकरण सत्र में शून्य से डेढ़ वर्ष आयु वर्ग के 35 बच्चों को विभिन्न संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक जीवनरक्षक टीके लगाए गए। साथ ही बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनके शारीरिक विकास और पोषण संबंधी जानकारी अभिभावकों को दी गई।
सत्र के दौरान 5 बच्चों को बीसीजी, जबकि 30 बच्चों को पेंटा, डीपीटी, रोटा सहित निर्धारित टीके लगाए गए। इस दौरान अभिभावकों को नियमित टीकाकरण के महत्व और इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों की भी जानकारी दी गई। मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संगीत ढिल्लो ने बताया कि मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में प्रत्येक माह के बुधवार को नियमित टीकाकरण सत्र आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे और सभी बच्चों को समय पर जीवनरक्षक टीके उपलब्ध कराए जा सकें।