-श्यामानंद महाराज ने राजपुर में दिखाई हरी झंडी, दो एंबुलेंस से मिलेगी सुविधा
-गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने और प्रसव के बाद घर छोड़ने की सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरुवाला (सिरमौर)। आंजभोज क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को अब अस्पताल आने-जाने के लिए निशुल्क पिंक एंबुलेंस सेवा मिलेगी। श्री पांवटा साहिब वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष गुरदीप सिंह गैरी ने इसकी पहल की है। एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ मंगलवार को नवरात्र के अवसर पर राजपुर में श्री श्री श्यामानंद महाराज (धौलीढांग वाले) ने हरी झंडी दिखाकर किया।
सोसायटी अध्यक्ष गुरदीप सिंह गैरी ने बताया कि दो एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। इनमें से एक आंजभोज की करीब पांच से सात पंचायतों और दूसरी भगानी सहित आसपास की पंचायतों को सेवाएं देगी। एंबुलेंस से गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने और प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को सुरक्षित घर छोड़ने में मदद मिलेगी। जरूरत पड़ने पर मरीजों को पीजीआई चंडीगढ़ जैसे बड़े अस्पतालों में उपचार संबंधी सहयोग भी दिलाने का प्रयास किया जाएगा। सेवा के लिए 01704-222666 और 6230440666 नंबर जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ सड़क जैसी बुनियादी समस्याओं पर भी ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने आंजभोज की खराब सड़कों पर चिंता जताई। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि और पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पशुपालन और दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहित करने तथा दूध संग्रह केंद्र और प्रयोगशाला स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने की भी बात कही।
इस अवसर पर स्वामी दयानंद महाराज, डॉ. सोहेल, कुंदन सिंह चौहान, अजय शर्मा, रमेश तोमर, दिनेश नेगी, अमरजीत सिंह, चरणजीत सिंह, गुरमीत सिंह मनी, अविनाश सैनी, राकेश ठूंडू, अनुज भंडारी, राहुल चौधरी, प्रदीप चौहान, ओमप्रकाश कटारिया, सुशील तोमर और संजय शर्मा सहित कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे। आशा वर्कर्स संतोष कुमारी, सुमित्रा, शीला, विमला चौहान और तारा देवी आदि मौजूद रहे।-