युवक की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में दर्ज किया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। विकास खंड राजगढ़ की ग्राम पंचायत टिक्कर के अंतर्गत डुब्बलू-लहारब सड़क पर पैदल गुजर रहे एक युवक को कथित तौर पर पालतू कुत्तों ने काट लिया। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि एक महिला ने पहले उसे रास्ते में जाने से रोका और फिर अपने घर का गेट खोलकर कुत्तों को उसकी ओर छोड़ दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ ले जाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत टिक्कर के गांव कथौड़ी निवासी शुभम वीरवार शाम राजगढ़ से पैदल अपने घर लौट रहा था। जब वह डुब्बलू-लहारब सड़क मार्ग पर डुब्बलू के समीप पहुंचा तो वहां मौजूद आरुषि धवन ने उसे आगे बढ़ने से रोक दिया। शुभम का आरोप है कि महिला ने कहा कि यह उसकी निजी भूमि है और यहां से कोई सार्वजनिक रास्ता नहीं गुजरता, इसलिए वह इस मार्ग का उपयोग नहीं कर सकता।
शुभम का कहना है कि इसी दौरान महिला ने अपने घर का गेट खोल दिया, जिसके बाद चार से पांच पालतू कुत्ते बाहर निकल आए। उनमें से एक-दो कुत्तों ने उस पर हमला कर उसकी बाईं टांग पर कई स्थानों पर काट लिया।
युवक ने यह भी आरोप लगाया कि महिला ने हाथ में पकड़े बैग से उस पर हमला करने का प्रयास किया। कुत्तों के हमले से घायल होने के बाद उसने किसी तरह खुद को बचाया और तुरंत पुलिस की 112 हेल्पलाइन पर सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और आवश्यक मेडिकल परीक्षण किया। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत टिक्कर के प्रधान अम्बिका ठाकुर और उपप्रधान अरुण शर्मा भी सिविल अस्पताल राजगढ़ पहुंचे और घायल युवक का हालचाल जाना। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।