पॉल्ट्रीफार्म के विरोध में उतरे ग्रामीण
सर्किट हाउस नाहन में एडीसी को दिया ज्ञापन
बोले, बिना एनओसी के खोला जा रहा पॉल्ट्रीफार्म
प्रशासन समेत नेता नहीं सुन रहे लोगों की फरियाद
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन(सिरमौर)। देवनी पंचायत के गांव खेड़ा में पोल्ट्रीफार्म के निमार्ण के विरोध में ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। लोगों का कहना है कि पहले भी इस गांव में एक पोल्ट्रीफार्म खोला गया है, जिससे ग्रामीणों का जीना दुभर हो गया है। अब, एक और पोल्ट्रीफार्म खुलने से उनका रहा सहा सुकून भी छिन जाएगा।
पोल्ट्रीफार्म का कार्य रोकने की मांग को लेकर खेड़ा गांव के दर्जनों ग्रामीण रविवार को जिला मुख्यालय नाहन पहुंचे। ग्रामीणों ने सर्किट हाउस में एडीसी को ज्ञापन दिया और पोल्ट्रीफार्म का कार्य रुकवाने की मांग की। इसके बाद यह ग्रामीण मीडिया से भी रूबरू हुए और अपना पक्ष रखा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल मोहन सिंह, राजेश कुमार, संदीप, लाल सिंह, संतोष, मीना देवी, प्रदीप कुमार आदि ने कहा कि उनके गांव में 90 प्रतिशत आबादी अनुसूचित जनजाति की है, जबकि 10 प्रतिशत आबादी अनुसूचित जाति की है। यहां गांव की जमीन पर मोगीनंद का एक व्यक्ति पोल्ट्रीफार्म खोल रहा है। इसके लिए पंचायत से कोई एनओसी भी नहीं ली है। जबकि एनओसी लिया जाना बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पहले भी यहां एक व्यक्ति ने पोल्ट्रीफार्म खोल रखा है। इसके विरोध में भी प्रशासन को ज्ञापन दिए गए लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। इससे फैल रही गंदगी और बदबू से उनका जीना हराम हो गया है। उन्होंने कहा कि अब नया पोल्ट्रीफार्म खुलने से रही कसर पूरी हो जाएगी। उनका घरों में भी रहना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बारे में पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत की गई है, लेकिन कालाअंब पुलिस उल्टा उनको ही धमका रही है।
इस मौके पर ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार से इस मामले में उचित कार्रवाई करते हुए पोल्ट्रीफार्म का कार्य रोकने की मांग की।
-संवाद