पत्रकार वार्ता में बोले अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के प्रदेश अध्यक्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। देश में भले ही जीएसटी सरलीकरण किया गया है लेकिन ग्राहकों को अभी तक इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। जागरूकता का अभाव लोगों पर भारी पड़ रहा है। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष अनिल वर्मा ने यह बात रविवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
वर्मा ने कहा कि जीएसटी में हुए सरलीकरण से रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं के दामों में भारी गिरावट दर्ज हुई है। इसका लाभ लोगों को मिलना चाहिए। ग्राहक पंचायत की ओर से प्रदेश के तीन जिलों में एक सर्वे किया गया है। इसमें देखने को मिला है कि लोगों को अभी तक इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है, वहीं व्यापारी वर्ग की भी मनमानी जारी है।
अनिल वर्मा कहा कि हिमाचल प्रदेश में जीएसटी से संबंधित विभागों को लोगों में जागरूकता लाने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन करना चाहिए।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत भी अपने स्तर पर लोगों को जागरूक कर रही है। उन्होंने ग्राहकों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी सामान खरीदते हैं तो उसका बिल अवश्य लें ताकि इस बात की जानकारी मिले की व्यापारी की ओर से कितना जीएसटी काटा गया है। ग्राहक को जीएसटी में हुए सरलीकरण का लाभ मिला है या नहीं।