बोगधार में बिजट देवता मेले में कार्यक्रम का लुत्फ उठाते लोग। संवाद
- फोटो : NAHAN
नौहराधार (सिरमौर)। बोगधार में आयोजित ऐतिहासिक बिजट देवता मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध पहाड़ी उभरते कलाकार रघुवीर सिंह ने खूब समां बांधा। रघुवीर ने गंगा रामा ड्राइवर तेरी बोसो रोई, ऊंची ऊंची बर्फीली चोटी, रोहड़ू मेले के जाना मेरी पुर्णिय, रूप रंग तेरा प्यारा शिमले वालिए आदि दर्जनों गीत गाकर पंडाल में बैठे दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस मौके पर स्कूल के बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। स्थानीय बच्चों की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोहा। स्कूली बच्चों ने पहाड़ी व हिंदी गानों पर नृत्य के साथ=साथ एकल गानों से प्रस्तुति दी।
इस मौके पर कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन बलदेव भंडारी और वर्मा ज्वेलर्स सोलन के मालिक नरेश वर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। बलदेव भंडारी ने बोगधार में सब्जी मंडी खोलने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि बोर्ड के नाम जमीन हस्तांतरित होते ही इसके लिए 25 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। मेला कमेटी के प्रधान नरेश कमल ने बताया कि इस मेले में वॉलीबाल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें बीस टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वॉलीबाल प्रतियोगिता का खिताब सराहां टीम ने 2-0 से अपने नाम किया। जबकि, बोगधार उपविजेता रहा। इस मौके पर बीडीसी चेयरमैन संगड़ाह मेलाराम शर्मा, भाजपा नेता बलबीर सिंह, डीडीसी सदस्य सतीश ठाकुर, रविंद्र सिंह, जयप्रकाश, नायब तहसीलदार काकूराम, ओमीचंद कमल सहित हजारों लोग मेले में शामिल रहे।
.........