ददाहू ( सिरमौर)। सिविल अस्पताल ददाहू में चिकित्सकों की कमी रोगियों पर भारी पड़ गई है। चिकित्सकों के अभाव में रोगियों को भटकना पड़ रहा है। बीते तीन दिन से यहां एक चिकित्सक ही अपनी सेवाएं दे रहा है। इसके चलते रोगियों को अपने उपचार के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
मंगलवार को एकमात्र चिकित्सक की तबीयत बिगड़ने के कारण कई घंटों तक ओपीडी सेवाएं प्रभावित रहीं। गंभीर बीमारियों के रोगी भी घंटों तक उपचार के लिए भटकते रहे।
उल्लेखनीय है कि सिविल अस्पताल ददाहू में मात्र दो चिकित्सक ही अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें से एक महिला चिकित्सक अवकाश पर है। यहां से तीन चिकित्सकों के तबादले हो चुके हैं। वहीं दो चिकित्सकों को प्रतिनियुक्ति पर नाहन भेजा गया है। नए भर्ती हुए चार विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अभी तक यहां अपना पदभार ही नहीं संभाला। इसके चलते यहां ओपीडी की व्यवस्थाएं चरमरा गई है। रोगियों को घंटों लाइनों में खड़े रहकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करने पर विवश होना पड़ रहा है।
सिविल अस्पताल ददाहू रेणुका विधानसभा क्षेत्र की 30 पंचायतों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाता आ रहा है लेकिन उसके बावजूद भी यहां चिकित्सकों की कमी रोगियों पर निरंतर भारी पड़ रही है। यहां से प्रतिनियुक्ति पर भेजे गए दो चिकित्सकों को अभी तक वापस नहीं भेजा गया है। कोरोना की दूसरी लहर थमने के बावजूद भी यहां के दो चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति रद्द नहीं की गई। नए चिकित्सक भी यहां अपना पदभार ग्रहण करने नहीं आ रहे हैं।
सीएमओ डॉ. संजीव सहगल ने बताया कि एक चिकित्सक छुट्टी पर है। एक चिकित्सक से ही सेवाएं ली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए किसी एक चिकित्सक को प्रतिनियुक्ति पर ददाहू भेजा जाएगा। दो चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति रद्द करने के प्रयास जारी है।