संवाद न्यूज एजेंसी
हरिपुरधार (सिरमौर)। हरिपुरधार क्षेत्र की पंचायतों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला बन गया है, जबकि ग्राम पंचायत दियुड़ी खड़ांह में दो उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत टिकरी डसाकना, गेहल और बड़ोल में प्रधान पद के लिए तीन-तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं टिकरी डसाकना पंचायत से एक उम्मीदवार की ओर से नामांकन वापस लेने के बाद यहां मुकाबला और रोचक हो गया है।
ग्राम पंचायत टिकरी डसाकना से अनुराधा, डॉ. मोनिका और कृष्णा राणा मैदान में हैं। ग्राम पंचायत गेहल से ओपी ठाकुर, यशपाल ठाकुर और सुंदर सिंह शर्मा के बीच कड़ा मुकाबला होगा। वहीं ग्राम पंचायत बड़ोल से अनिल शर्मा, रोशन शर्मा और चमन शर्मा चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
इसके अलावा ग्राम पंचायत दियुड़ी खड़ांह में कपिल छिंटा और विनय छिंटा के बीच कांटे की टक्कर होगी। पंचायत चुनाव को लेकर सभी पंचायतों में प्रचार अभियान तेज हो गया है और उम्मीदवार मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। चुनावी माहौल के चलते क्षेत्र में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
-संवाद