-नामांकन वापसी के बाद स्थिति हुई साफ
संवाद न्यूज एजेंसी
कफोटा (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव 2026 के नामांकन वापसी के अंतिम दिन सिरमौर जिले के तिलोरधार विकासखंड से बड़ी खबर सामने आई है। विकासखंड की कुल 25 ग्राम पंचायतों में से 6 पंचायतें निर्विरोध चुन ली गई हैं। इससे इन गांवों में चुनावी शोर की जगह आपसी सहमति और सौहार्द की मिसाल कायम हुई है। शुक्रवार को नामांकन पत्र वापिस लेने के आखिरी दिन 6 पंचायतों में एक-एक उम्मीदवार के मैदान में रहने के बाद, इन्हें निर्विरोध घोषित कर दिया गया। निर्विरोध चुनी गई पंचायतों में मस्तभोज क्षेत्र की पांच में से दो कांडो च्योग और शरली, घणद्वार भोज की शावगा पंचायत, पाशी बेल्ट की सखोली पंचायत और कुराली भोज की टिटियाना पंचायत शामिल हैं।
बता दें कि 15 मई को नाम वापसी के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो गई है। निर्विरोध चुनाव से न केवल आपसी भाईचारा बढ़ा है, बल्कि इन गांवों में पंचायत चुनाव के लिए होने वाला खर्च और विवाद भी खत्म हो गए हैं। शेष पंचायतों में अब 26, 28 और 30 मई 2026 को तीन चरणों में मतदान होगा, जिसके बाद नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।