संवाद न्यूज एजेंसी
धौलाकुआं/नाहन/पांवटा (सिरमौर)। स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माजरा में मंगलवार को एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हुआ। इस शिविर में स्वयंसेवकों ने समाज सेवा, स्वच्छता, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। शिविर के समापन पर स्वयंसेवकों ने समाज सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
विद्यालय की एनएसएस इकाई की ओर से गोद लिए गए गांव मटक माजरी को भी शिविर की गतिविधियों में विशेष स्थान दिया गया। गांव में सामुदायिक सहभागिता और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों को ग्रामीण जीवन, सामाजिक सहयोग और सामुदायिक विकास के महत्व से परिचित करवाया गया।
समापन समारोह में रोटरी क्लब पांवटा साहिब के अध्यक्ष यशपाल धीमान मुख्यातिथि रहे, जबकि कविता गर्ग और राकेश गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ने सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित गतिविधियों और उपलब्धियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। स्वयंसेवकों ने शिविर के अनुभव साझा किए। शिविर में सराहनीय सहभागिता और विशेष योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को प्रमाणपत्र एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। शिविर के आयोजन में सहयोग देने वाले दानदाताओं, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों और अन्य सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रीतू भारद्वाज ने शिविर में भाग लेने वाले स्वयंसेवकों, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, शिक्षकों और सहयोगकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। अंत में स्वयंसेवकों ने स्वच्छता, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।