विद्यालय लौटने पर प्रधानाचार्य और स्टाफ ने दी विद्यार्थियों को बधाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/नौहराधार(सिरमौर)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौहराधार के आठ छात्र-छात्राओं ने राज्य के विभिन्न स्थानों पर आयोजित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
शारीरिक शिक्षा की प्रवक्ता मधु पुंडीर ने बताया कि वॉलीबाल में अक्षित दस जमा एक, जमा दो कक्षा की रिद्धिमा ने कुश्ती व शॉट पुट, सुहानी ने ऊंची कूद, सपना ने कुराश, लविश ने योग, अदिति ने कुश्ती और समीक्षा व अनिरुद्ध ने जूडो खेल में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व किया।
इससे पूर्व जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जहां नौहरा खंड ने वॉलीबाल की प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी हासिल की, वहीं नौहराधार विद्यालय ने 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की छात्राओं की प्रतियोगिता में जूडो में प्रथम और 14 वर्ष की आयु वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
सभी राज्य खिलाड़ियों के विभिन्न प्रतियोगिताओं के समापन उपरांत विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य जितेंद्र चौहान और समस्त स्टाफ ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी।
विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष पूनम चौहान और विद्यालय के संरक्षक जोगेंद्र चौहान ने खेलों में इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए विद्यालय की शारीरिक शिक्षा विषय की प्रवक्ता मधु पुंडीर और शारीरिक शिक्षक शशि पाल चौहान की सराहना की।
-संवाद