-बुद्धिजीवियों ने नशाखोरी को लेकर लिया बड़ा फैसला
-शादी और पार्टियों में भी शराब पर रहेगा प्रतिबंध
योगेंद्र अग्रवाल
ददाहू (सिरमौर)। सैनधार क्षेत्र की दीद बगड़ पंचायत के जाईंचा मंझाई गांव में ग्रामीणों और बुद्धिजीवी वर्ग ने नशाखोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गांव को नशामुक्त बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। गांव में आयोजित किसी भी सामाजिक समारोह, शादी-विवाह, पार्टी या सेवानिवृत्ति कार्यक्रम में अब शराब नहीं परोसी जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि फैसले का उल्लंघन करने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।
मंगलवार देर रात गांव के बुजुर्ग भीम सिंह के घर आयोजित बैठक में गांव के बुद्धिजीवियों और बुजुर्गों ने इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गांव में किसी भी प्रकार के नशे को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि कोई व्यक्ति शादी-विवाह, पार्टी अथवा अन्य समारोह में शराब परोसता है तो गांववासी उसके घर जाने का बहिष्कार करेंगे।
इतना ही नहीं विरोध स्वरूप संबंधित व्यक्ति के घर जाने वाले रास्ते को डंडा या बांस लगाकर बंद किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि यह कदम गांव के सामाजिक वातावरण को बेहतर बनाने और नई पीढ़ी को नशे से बचाने के उद्देश्य से उठाया गया है। बैठक में मौजूद बुजुर्गों ने कहा कि नशे के कारण समाज में कई तरह की सामाजिक बुराइयां बढ़ रही हैं। युवा वर्ग तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है, जिससे परिवारों और समाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में गांव स्तर पर सख्त निर्णय लेना समय की मांग बन गया था।
बैठक में बुजुर्ग भीम सिंह, दलीप सिंह, नंबरदार नरेश कुमार, प्रकाश ठाकुर, नरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, विक्रम सिंह और भगत राम सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एकमत से इस निर्णय को पूरे गांव में लागू करने का समर्थन किया। पंचायत के विजय ठाकुर ने बताया कि बुजुर्गों द्वारा लिया गया यह फैसला समाज हित में सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि गांव को नशामुक्त बनाने के लिए सभी ग्रामीणों को मिलकर इस निर्णय का पालन करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण मिल सके। संवाद