सराहां अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं होने के कारण परेशानी झेल रहे लोग
अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए मीलों दूर नाहन-सोलन पड़ रहा जाना, समय-पैसे की हो रही बर्बादी
34 पंचायतों, सोलन और नाहन के कई क्षेत्रों को लाभान्वित करता है सराहां अस्पताल
देवराज शर्मा
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र की चौंतीस पंचायतों को लाभान्वित करने वाले सराहां सिविल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं लग पाई है। यह अस्पताल पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की 34 पंचायतों को सीधा लाभ पहुंचाने के अलावा हरियाणा राज्य के सीमावर्ती क्षेत्र, नाहन और सोलन क्षेत्र के कई इलाकों को लाभान्वित करता है।
पंचायत प्रतिनिधि और क्षेत्र के लोग कई बार इस विषय को नेताओं के समक्ष रख चुके हैं। इसके बाद भी किसी ने भी यहां पर अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने की दिशा में कदम नहीं उठाया। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं होने के कारण महिलाओं को जहां सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है वहीं लोगों को अल्ट्रासाउंड टेस्ट करवाने के लिए सैकड़ों रुपये खर्च करके सोलन और नाहन जाना पड़ रहा है।
इससे उनका समय और पैसा दोनों ही बर्बाद हो रहा है। स्थानीय निवासी बेलीराम शर्मा, महिनी ठाकुर, राजेश ठाकुर, इंदिरा कश्यप, ज्ञान गौतम, सोहन सिंह, रमेश कुमार, नरेश कुमार ने बताया कि सराहां सिविल अस्पताल से करीब 34 पंचायतें पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की सीधे तौर पर लाभान्वित होती है। इसके अलावा हरियाणा राज्य समेत सोलन, नाहन व रेणुका क्षेत्र के लोग भी उपचार करवाने पहुंचते हैं। इसलिए सिविल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन का होना अति आवश्यक है।
पूर्व पंचायत समिति अध्यक्षा उषा तोमर, नारग पंचायत समिति सदस्य आशीष शर्मा ने कहा कि सराहां, पच्छाद क्षेत्र के सैनधार, धारटीधार व घीनीघाड क्षेत्र का केंद्र है इसलिए यहां हर क्षेत्र से मरीज अपने उपचार करने के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि सराहां सिविल अस्पताल में यदि अल्ट्रासाउंड मशीन लगती है तो क्षेत्र के गरीब लोगों का जहां समय बचेगा वहीं कम खर्चा भी होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के समक्ष इस विषय को रखा जाएगा।
बीएमओ पच्छाद डॉ. पुनीत शर्मा ने कहा कि सराहां सिविल अस्पताल में दूर-दूर से मरीज अपना उपचार करने आते हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों को अच्छा उपचार मिले इसकी कोशिश की जाती है लेकिन कई बार मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए नाहन और सोलन भी भेजना पड़ता है।
-संवाद