सेना के गोताखोरों से मांगी मदद, प्रशासन ने लिखा पत्र
तीसरे दिन भी स्थानीय गोताखोरों के साथ चलता रहा तलाशी अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। तीन दिन पहले यमुना नदी में छलांग लगाने वाली युवती का तलाशी अभियान जारी है। वीरवार को भी दिन भर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के साथ यमुना नदी बैराज स्थल पर तलाशी अभियान जारी रखा। अब पुलिस अधिकारियों ने एसडीएम पांवटा के माध्यम से सेना के प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम से सहायता के लिए पत्र भेज लिखा है।
बता दें कि मंगलवार दोपहर को वन विहार पार्क के साथ लगते बैराज के पास युवती दीवार पर बैठी थी। अचानक युवती ने यमुना में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने चीख सुनी। इसके बाद पार्क से नदी की तरफ दौड़े। बताया जा रहा है कि लड़की ने हरे रंग का सूट पहना था। युवती छटपटाते हुए पानी से एक बार बाहर निकली। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। मौके पर पुलिस टीम को युवती की चप्पल, ब्रेसलेट, जुराबें और चूड़ियां मिली थीं। मंगलवार से ही स्थानीय गोताखोर टीम सर्च अभियान में जुटी है।
वीरवार को भी देर शाम तक सर्च अभियान चलता रहा। लेकिन युवती का पता नहीं चल सका है। उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति ने एक युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उनका परिवार पांवटा में रह रहा है। हालांकि अभी तक छलांग लगाने वाली युवती की पहचान नहीं हो सकी है।
एएसपी अदिति सिंह ने कहा कि स्थानीय गोताखोर के साथ तीसरे दिन भी सर्च अभियान जारी रहा। प्रयासों में तेजी लाने के लिए सेना के गोताखोरों की टीम से मदद लेने को पत्राचार किया है।