खेल गतिविधियों और भर्ती की तैयारी के लिए जाना पड़ रहा बाहर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नाहन विकास खंड की बनेठी पंचायत में खेल मैदान न होने से युवाओं और खिलाड़ियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत के युवाओं ने प्रशासन और सरकार से पंचायत क्षेत्र में शीघ्र खेल मैदान की व्यवस्था करने की मांग उठाई है।
युवाओं का कहना है कि पंचायत में खेल मैदान नहीं होने के कारण उन्हें खेल गतिविधियों के आयोजन के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ता है। इससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। वहीं सेना, पुलिस, वन विभाग तथा अन्य विभागों की भर्ती के लिए होने वाले फिजिकल टेस्ट की तैयारी करने वाले युवाओं को भी पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
पंचायत के युवा केशव ठाकुर, गोलू, कुलदीप, राकेश और अन्नू आदि ने बताया कि खेल मैदान की मांग को लेकर कई मर्तबा प्रशासन, सरकार और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में खेलों के प्रति काफी रुचि है, लेकिन संसाधनों के अभाव में प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पा रहीं।
युवाओं ने मांग उठाई कि पंचायत में किसी उपयुक्त स्थान का चयन कर खेल मैदान विकसित किया जाए, ताकि युवाओं को खेलकूद और शारीरिक तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। संवाद